टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन की लाइव जानकारी, फूड ऑर्डर, रिफंड एवं रेल मदद तक — रेलवे की अनेक सुविधाएँ एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध
रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट बुकिंग पर आर-वॉलेट के माध्यम से भुगतान करने पर 3% कैशबैक तथा अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों से भुगतान करने पर 3% की छूट पश्चिम रेलवे यात्रियों से भारतीय रेल के रेलवन ऐप का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील करती है। यह भारतीय रेल का एकीकृत मोबाइल ऐप है, जो यात्रियों को रेलवे से संबंधित अनेक सेवाएँ एक ही सुविधाजनक एवं यूज़र-फ्रेंडली डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है। टिकट बुकिंग, ट्रेन संबंधी जानकारी प्राप्त करने, भोजन ऑर्डर करने अथवा सहायता प्राप्त करने जैसी विभिन्न सेवाओं का लाभ यात्री अपने स्मार्टफोन के माध्यम से आसानी से उठा सकते हैं। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यात्री रेलवन ऐप के माध्यम से आरक्षित टिकट, अनारक्षित टिकट तथा प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त इस ऐप पर ट्रेन ढूँढें, पीएनआर स्टेटस, कोच स्थिति, ट्रेन ट्रैक करें, खाना ऑर्डर करें, फाइल रिफंड तथा रेल मदद जैसी अनेक उपयोगी सुविधाएँ भी उपलब्ध हैं। इससे विभिन्न रेलवे सेवाओं के लिए अलग-अलग ऐप का उपयोग करने की आवश्यकता समाप्त हो जाती है। श्री विनीत अभिषेक ने आगे बताया कि डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवे ने रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकटों की बुकिंग पर सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों के जरिए किए गए भुगतान पर 3 प्रतिशत की छूट की सुविधा 31 मार्च, 2027 तक बढ़ा दी है। रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने वाले यात्री यदि आर-वॉलेट के माध्यम से भुगतान करते हैं, तो उन्हें 3 प्रतिशत कैशबैक का लाभ मिलेगा। आर-वॉलेट के माध्यम से कैशबैक तथा अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों पर दी जा रही छूट का उद्देश्य यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा रेलवन ऐप के उपयोग को बढ़ावा देना है। श्री विनीत अभिषेक ने यात्रियों से रेलवन ऐप डाउनलोड कर इसकी समेकित सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रेलवन ऐप यात्रियों को रेलवे की महत्वपूर्ण सेवाओं तक पहुँचने के लिए एक सुविधाजनक सिंगल-विंडो डिजिटल इंटरफेस उपलब्ध कराता है तथा रेल यात्रा को अधिक सरल, स्मार्ट और सहज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
रेलवन डाउनलोड करें — एक ऐप, रेलवे की अनेक सेवाएँ और अधिक स्मार्ट रेल यात्रा की ओर एक कदम।

