
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज पश्चिम रेलवे, राजकोट मंडल के कैरेज व वैगन डिपो की पीट लाइन तथा आस पास के क्षेत्रों में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों सहित अन्य लोगो को पर्यावरण के संरक्षण हेतु शपथ दिलायी गयी। इसके बाद विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित चित्रकला, निबंध लेखन, तथा क्विज प्रतियोगिताओं के विजेताओं को राजकोट मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में डीआरएम श्री अश्वनी कुमार के करकमलों द्वारा पौधारोपण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने अपने संदेश में लोगों से पर्यावरण के प्रति और जागरूक होने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर उपस्थित अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कौशल कुमार चौबे तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण और कर्मचारीगण के द्वारा भी पौधारोपण किया गया। भक्तिनगर रेलवे स्टेशन परिसर में भी बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया। राजकोट मंडल के सीनियर डीसीएम श्री सुनील कुमार मीना तथा रेलकर्मियों ने पौधारोपण किया तथा यात्रियों को पर्यावरण के प्रति जागरुक भी किया। इसके अलावा राजकोट मंडल के विभिन्न डिपो, स्टेशन सहित बीस जगहों पर वृक्षारोपण का आयोजन किया गया जिसमें लगभग 500 लोगों की सहभागिता से करीबन 300 पौधारोपण किया गया। इस कार्यक्रम में रेलवे के कर्मचारी के अलावा बाहर के लोगों की भी सहभागिता रही जो स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का द्योतक बनेगा। दिनांक 22.05.2025 से दिनांक 05.06.2025 तक चले तथा ‘विश्व पर्यावरण दिवस 2025’ पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत रेलवे अधिकारीगण, कर्मचारी, रेल यात्री तथा एनजीओ के सहयोग से कुल 724 स्थानों पर 946 कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं जिसमें रेलवे स्टाफ और रेल यात्री सहित लगभग 3200 लोगों ने भाग लिया और इस आयोजन को सफल बनाया।